हल्द्वानी के लामाचौड़ में बाघ का हमला -घास काटने गई महिला की दर्दनाक मौत; परिजनों को 10 लाख मुआवजा
हल्द्वानी। लामाचौड़ के फतेहपुर क्षेत्र में जंगल में घास काटने गई एक बुजुर्ग महिला की बाघ के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ध्रुव सिंह मार्तोलिया भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को जल्द ही 10 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया।
झाड़ियों में घात लगाए बैठा था बाघ
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पीपल पोखरा निवासी गंगा देवी (66 वर्ष), पत्नी प्रेम भारती, अपनी बहू पुष्पा गोस्वामी और हेमा देवी के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक गंगा देवी पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
बहू ने बताया— “मां ने आखिरी बार ‘हां’ कहा और फिर शांत हो गईं”
मृतका की बहू पुष्पा गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने और हेमा देवी ने साहस दिखाते हुए बाघ को किसी तरह भगाया और गंगा देवी को नीचे लाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक बाघ उनके गले, पीठ और पैर पर गंभीर हमला कर चुका था।
पुष्पा ने बताया,
“जब हम उन्हें नीचे लेकर आए तो मैंने मां कहकर आवाज दी। उन्होंने ‘हां’ कहा, लेकिन कुछ ही क्षण बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।”
इसके बाद दोनों महिलाओं ने गांव जाकर लोगों को सूचना दी। जब ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बाघ शव को और ऊपर जंगल की ओर घसीटकर ले जा चुका था। बताया जा रहा है कि सड़क से घटनास्थल की दूरी करीब तीन किलोमीटर है, जिससे राहत कार्य में कठिनाई हुई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
वन विभाग और पुलिस की टीम ने काफी प्रयासों के बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गंगा देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र चालक है और छोटा होटल लाइन में कार्यरत है। उनकी दो बेटियां हैं— बड़ी बेटी बसंती काशीपुर में और छोटी बेटी हेमा लखनऊ में रहती है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा