uttarakhand-नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस पर मारपीट का आरोप -दो पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग
रुद्रपुर। सिंह कॉलोनी में सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची की मौत के मामले में अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में गवाही देने के लिए आदर्श कॉलोनी चौकी बुलाए गए एक व्यक्ति ने दो पुलिसकर्मियों पर उसके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परशुराम ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि बीती 17 अक्टूबर को सिंह कॉलोनी स्थित चर्च के पास एक कार के पहिए के नजदीक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। घटना की खबर सामने आने के बाद बच्ची को गोद लेने के लिए कई परिवारों ने इच्छा जताई थी, लेकिन उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया था।
इस मामले में पुलिस ने आसपास रहने वाले एक डॉक्टर, चर्च के पादरी और डॉक्टर के यहां काम करने वाली महिला के पति परशुराम को गवाह बनाया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने डॉक्टर और पादरी के बयान उनके आवास पर जाकर दर्ज किए, जबकि परशुराम को गवाही के लिए चौकी बुलाया गया था।
परशुराम के अनुसार, दीपावली और छठ पूजा के चलते वह अपने परिवार के साथ बाहर गया हुआ था। वापस लौटने के बाद जब उसने पुलिस से संपर्क किया तो उसे आदर्श कॉलोनी चौकी आने के लिए कहा गया। आरोप है कि चौकी पहुंचने पर दो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस घटना से आहत परशुराम ने मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यदि पुलिसकर्मियों पर लगाए गए मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



Uknews-गिरफ्तारी पर रोक की मियाद खत्म होने से एक दिन पहले कोतवाली पहुंची ज्योति सिंह