UK…स्टे ऑर्डर के बावजूद नवविवाहिता के घर में घुसे भाई-भाभी पर ताले तोड़कर चोरी का आरोप —सीसीटीवी, डीवीआर और वाई-फाई मॉडेम तोड़े
देहरादून। धर्मपुर के आदर्शनगर में संपत्ति विवाद को लेकर एक नवविवाहिता के घर में जबरन घुसने, तोड़फोड़ करने और चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता के सगे भाई, भाभी और उनके एक मित्र ने न्यायालय के स्टे ऑर्डर के बावजूद घर के ताले तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी तोड़ दिए।
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि आदर्श नगर लेन नंबर आठ निवासी उपांशी शाह का अपने बड़े भाई शुभम शाह और भाभी आशिया त्रिगुणायत के साथ संपत्ति को लेकर न्यायालय में विवाद चल रहा है। इस मामले में कोर्ट की ओर से स्टे ऑर्डर जारी किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 23 जून को उसकी शादी हुई थी और शादी के बाद वह अपने पति के साथ शहर से बाहर गई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके भाई शुभम शाह, भाभी आशिया त्रिगुणायत और उनके मित्र साहिल ने उसके घर के भूतल हिस्से के ताले तोड़ दिए और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और वाई-फाई मॉडेम तोड़कर गायब कर दिए, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें। इसके अलावा घर में रखे शादी के सोने के जेवर, नकदी और कीमती उपहार चोरी होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…गंगनहर में मां-बेटी लापता मामला : पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा –हत्या की आशंका गहराई