UK-कार के नीचे मिली नवजात ने तोड़ा दम -मां-नानी समेत तीन गिरफ्तार, चर्च के पास छोड़कर भागे थे
–रुद्रपुर में दिल दहला देने वाली घटना, जन्म के अगले ही दिन बच्ची को किया बेसहारा; तीन दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद मौत
रुद्रपुर। इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना में चर्च रोड पर कार के नीचे कपड़े में लिपटी मिली नवजात बच्ची ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने बच्ची की 23 वर्षीय मां, 45 वर्षीय नानी और 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों नवजात को सेंट जॉन चर्च के पास छोड़कर चले गए थे।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को सिंह कॉलोनी की चर्च रोड पर सेंट जॉन चर्च के पास खड़ी एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची मिली थी। उसकी हालत गंभीर थी। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बच सकी।
अस्पताल से छुट्टी के बाद चर्च के पास छोड़ा
पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्ची का जन्म 16 अक्टूबर की रात बिलासपुर के एक अस्पताल में हुआ था। 17 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी उसे घर ले जाने के बजाय चर्च के पास ले गए। पुलिस के मुताबिक, वहां भीड़ देखकर तीनों बच्ची को कार के नीचे छोड़कर चले गए। दोनों महिलाएं युवक की मोटरसाइकिल से वहां पहुंची थीं।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के आजादनगर निवासी 23 वर्षीय मां और 45 वर्षीय नानी के साथ उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के भगवंतापुर निवासी 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। युवक वर्तमान में आजादनगर में रह रहा था। सोमवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 91 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। नवजात की मौत से मामला और गंभीर हो गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



ट्रेन में मोबाइल पर तेज आवाज में वीडियो चलाया तो खैर नहीं! -₹1,000 जुर्माना और 6 महीने की जेल का दावा
विजयदशमी सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक : अजय भट्ट