Uknews-बिंदुखत्ता में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर 35 लाख के जेवरात चोरी, परिवार को कमरों में किया बंद
लालकुआं। बिंदुखत्ता के सुभाष नगर स्थित दवाई फार्म में चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए 35 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले परिवार के सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया और फिर जेवरात रखे कमरे का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार, चोरी की वारदात बीती रात करीब 12 से 2 बजे के बीच हुई। घर में उनकी पत्नी और तीन बहुओं के सोने-चांदी के आभूषण एक ही कमरे में रखे हुए थे। चोरों ने घर में घुसते ही सबसे पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद धारदार औजार से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे बॉक्स खंगाल डाले और सभी आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़ित गोधन सिंह बिष्ट ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर कमरों के दरवाजे बाहर से बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने ऊपर पहुंचकर कमरों की कुंडियां खोलीं। इसी दौरान घर में चोरी होने का संदेह हुआ। जांच करने पर जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला और बॉक्स में रखे सभी आभूषण गायब थे।
चोर करीब 25 तोला सोने के झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका, फूली सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब चार तोला चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोरी हुई है। वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष बिष्ट के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
एक सप्ताह पहले भी घर में चोरी का प्रयास
सुभाष नगर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पूर्व धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। वहीं, पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर भी क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने का भरोसा दिलाया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


उत्तराखंड : पति पर पत्नी के बैंक खाते से 12 लाख रुपये निकालने का आरोप -धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
Uttarakhand-1.80 करोड़ के लोन के बदले मांगी नौ लाख की रिश्वत -बैंक मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार