Uknews-रुद्रपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चाकू से गोदकर मोबाइल कारोबारी की हत्या

खबर शेयर करें 👉

-व्यापारिक रंजिश ने लिया खूनी रूप, चार हमलावर वारदात के बाद फरार

रुद्रपुर। उत्तराखंड के औद्योगिक शहर रुद्रपुर में व्यापारिक रंजिश ने शुक्रवार सुबह खूनी रूप ले लिया। दो मोबाइल दुकानदारों के बीच चल रहा विवाद जिला अस्पताल परिसर में हत्या तक पहुंच गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर आए हमलावरों ने 36 वर्षीय मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी उर्फ राजकुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सीने में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल नितेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद चार हमलावर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगतपुरा निवासी 36 वर्षीय नितेश जौहरी उर्फ राजकुमार पुत्र कमलेश जौहरी घर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले अमन प्रजापति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान नितेश को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए तहरीर भी दी थी।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  उत्तराखंड : हल्द्वानी में 16 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप -ABVP प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

शुक्रवार सुबह नितेश की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पड़ोसी दुकानदार पक्ष के लोगों ने मारपीट कर दी। मारपीट में कशिश का सिर फट गया। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े जाने की बात सामने आई है।

घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों और घायलों को उम्मीद थी कि अस्पताल में उपचार के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन यहां विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोग धारदार हथियार लेकर जिला अस्पताल के अंदर इमरजेंसी वार्ड में घुस आए और वहां मौजूद नितेश तथा उनके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने नितेश पर चाकू से कई वार किए। सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

चिकित्सकों ने नितेश को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस हमले में उनके छोटे भाई दिनेश, दुकान के कर्मचारी कमल समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। नितेश अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  ब्रेकिंग...एक पल का हादसा, जिंदगी भर का दर्द ---अनियंत्रित स्कूटी तीन फीट नीचे गिरी, सिर दीवार से टकराने पर होटल कर्मी की मौत

जिला अस्पताल परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को दोनों पक्षों को अलग करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। तनाव को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और राजकुमार ठुकराल समेत कई जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पत्रकारों को बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  गौला के 431 और नंधौर के 50 खनन वाहनों का हुआ स्वामित्व परिवर्तन

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जिला अस्पताल, जहां लोग जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां इमरजेंसी वार्ड के भीतर चाकू से हमला कर हत्या की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि दो पक्षों के बीच पहले से चल रही रंजिश और जान से मारने की धमकी की शिकायत के बावजूद विवाद को समय रहते नियंत्रित क्यों नहीं किया जा सका? उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे लोगों पर हथियारों से लैस हमलावरों ने हमला कैसे कर दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार कैसे हो गए?

मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा से शुरू हुआ विवाद अब एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया है। पुलिस के सामने अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, घटना की निष्पक्ष जांच और विवाद के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की चुनौती है।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119