उत्तराखंड : डीएनए जांच में खुलासा- छात्रा को गर्भवती करने वाला रिश्ते का नाबालिग भाई निकला -शिक्षक की भूमिका भी संदिग्ध

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिले के कनालीछीना विकासखंड में नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने और गर्भपात के मामले में डीएनए जांच से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि छात्रा को गर्भवती करने वाला कोई शिक्षक नहीं, बल्कि उसका रिश्ते का नाबालिग भाई था। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल सुधार गृह अल्मोड़ा भेज दिया गया है। हालांकि, मामले में संबंधित शिक्षक की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है।

पुलिस के मुताबिक, बीते पांच जून को कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि गर्भपात के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत बिगड़ी थी। छात्रा के नाबालिग होने के चलते स्वास्थ्य कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पूछताछ के दौरान छात्रा ने अपने ही स्कूल के एक शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK...दीपावली की आड़ में गोदाम में सज रही थी जुए की महफिल, पांच गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान शिक्षक के मोबाइल फोन से कई छात्राओं के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात भी सामने आई। बताया जा रहा है कि इनमें शिक्षक के पूर्व तैनाती स्थल चमोली से लेकर पिथौरागढ़ तक की छात्राओं से संबंधित सामग्री शामिल है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UKNews-पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने ससुराल में फंदे से लटककर दी जान

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जंगल से भ्रूण बरामद कर डीएनए जांच के लिए नमूने भेजे। शिक्षक समेत अन्य संदिग्धों के डीएनए नमूने भी जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट आने पर मृत बच्चे का जैविक पिता छात्रा का रिश्ते का नाबालिग भाई निकला। इसके बाद पुलिस ने उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह अल्मोड़ा भेज दिया गया।

शिक्षक की भूमिका भी जांच के दायरे में

डीएनए रिपोर्ट में शिक्षक के जैविक पिता नहीं होने की पुष्टि होने के बावजूद पुलिस उसकी भूमिका को पूरी तरह खारिज नहीं कर रही है। इसकी वजह छात्रा की ओर से शुरुआती पूछताछ में शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया जाना और उसके मोबाइल से कई छात्राओं के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो मिलना है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों और मोबाइल से मिली सामग्री की सत्यता की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119