utrarakhand-पिंडारी ग्लेशियर से लापता ट्रैकर की तलाश में हाईकोर्ट का बड़ा आदेश
-पिता का रक्त नमूना लेकर बरामद शव से होगा डीएनए मिलान
नैनीताल। बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर से लापता साफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान की तलाश के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति आलोक महरा की पीठ ने अभिषेक के पिता एवं याचिकाकर्ता देशराज को डीएनए जांच के लिए रक्त का नमूना देने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को याचिकाकर्ता का रक्त नमूना आज ही लेने के निर्देश दिए।
मूल रूप से शामली, उत्तर प्रदेश निवासी अभिषेक चौहान 29 मई को पिंडारी ग्लेशियर की सैर के बाद वापस लौटते समय लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल और वन विभाग की टीमों ने लगातार तलाश अभियान चलाया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद अभिषेक के पिता देशराज ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर बेटे की तलाश की गुहार लगाई।
मामले की सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी विवेक चंद अदालत में पेश हुए। उन्होंने बताया कि 27 जून को कीर्तिनगर क्षेत्र में पिंडर नदी से एक शव बरामद हुआ था। शव का डीएनए नमूना सुरक्षित रखा गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, बरामद शव का डीएनए लापता ट्रैकर अभिषेक चौहान से मिलाने के लिए उसके पिता का रक्त नमूना आवश्यक है।
हालांकि, याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि बरामद शव उनके पुत्र का नहीं लगता है। उनका कहना था कि शव की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत होती है, जबकि अभिषेक की उम्र इससे कम है।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने डीएनए जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने बीडी पांडे अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को आदेश दिया कि याचिकाकर्ता देशराज का रक्त नमूना आज ही लिया जाए। अब बरामद शव के डीएनए और अभिषेक के पिता के डीएनए के मिलान से उसकी पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-कच्ची सड़क से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बोले—सड़क नहीं तो वोट नहीं
खमरिया के जंगल में आबकारी विभाग की छापेमारी –दो भट्टियां ध्वस्त, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद