उत्तराखंड…तेज रफ्तार का कहर: बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत -स्कूटी सवार की मौत
खटीमा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकरपुर-बिचपुरी तिराहे के पास गुरुवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में स्कूटी सवार 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सभा खेतलखण्डा मुस्ताजर के बुढ़ाबाग प्लांटेशन निवासी राजेंद्र चंद (62) पुत्र स्व. दिवानी चंद चकरपुर बाजार से सामान खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकरपुर-बिचपुरी तिराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची चकरपुर पुलिस चौकी ने दोनों घायलों को निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र चंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बाइक सवार का अस्पताल में उपचार जारी है।
चकरपुर पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर दिया है। एसआई किशोर पंत ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक राजेंद्र चंद अपने घर के पास परचून की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी बसंती देवी, पुत्र महेश चंद और पुत्री आरती हैं। पुत्र महेश चंद भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में सिलचर (असम) में तैनात हैं। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद वह सिलचर से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके शुक्रवार देर रात तक पहुंचने की संभावना है।
परिजनों के अनुसार राजेंद्र चंद का अंतिम संस्कार शुक्रवार को बनबसा स्थित शारदा घाट पर किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

बंद मकानों की दिन में रेकी, रात में ताला तोड़कर चोरी -हल्दूचौड़ पुलिस ने एक आरोपी दबोचा
UK…विजयपुर गांव में तेंदुए की दहशत, 10 वर्षीय बालक पर झपटा, शाम होते ही घरों में कैद ग्रामीण