उत्तराखंड : शेयर बाजार में डूबे लाखों, कर्ज ने तोड़ी जिंदगी की डोर -जंगल में पेड़ से लटका मिला पूर्व सैनिक का शव

Fast News Uttarakhand - Latest Uttarakhand News in Hindi
खबर शेयर करें 👉

–अपनी जमा पूंजी के साथ पत्नी और रिश्तेदारों के जेवर व रकम भी लगाई थी बाजार में, 24 अक्टूबर को घर से निकले थे पुष्कर सिंह मेहरा

हल्द्वानी। शेयर बाजार में लगातार हो रहे घाटे और कर्ज के बढ़ते बोझ ने एक पूर्व सैनिक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गंवाने के बाद पत्नी और रिश्तेदारों के जेवर व रकम तक शेयर बाजार में निवेश कर चुके 42 वर्षीय पुष्कर सिंह मेहरा का शव शनिवार को सनकोट के जंगल में मिला। वह बीती 24 अक्टूबर को घर से अचानक लापता हो गए थे। करीब 15 दिनों तक पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  उत्तराखंड : प्रसव के 24 घंटे बाद 22 वर्षीय विवाहिता की मौत -अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

जानकारी के अनुसार, दमुवाढूंगा निवासी पुष्कर सिंह मेहरा पुत्र भगत सिंह मेहरा करीब छह-सात वर्ष पहले सेना में सैनिक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके कुछ समय बाद उन्होंने शेयर बाजार में निवेश करना शुरू किया। शुरुआत में उन्होंने अपनी जमा पूंजी बाजार में लगाई, लेकिन लगातार नुकसान होने के बावजूद निवेश का सिलसिला जारी रखा। धीरे-धीरे उनकी पूरी बचत समाप्त हो गई और परिवार आर्थिक संकट में घिरता चला गया।

बताया जाता है कि नुकसान की भरपाई और मुनाफे की उम्मीद में उन्होंने पत्नी के जेवर भी शेयर बाजार में लगा दिए। इतना ही नहीं, रिश्तेदारों के जेवर और उनसे मिली रकम भी निवेश कर दी। इसके बावजूद बाजार में उन्हें सफलता नहीं मिली और नुकसान लगातार बढ़ता गया। नतीजतन वह भारी कर्ज के बोझ में दब गए। परिजनों के मुताबिक, आर्थिक परेशानियों के चलते वह लगातार तनाव में रहने लगे थे।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  भारत प्राइवेसी कॉन्फ्रेंस 2026 में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल ने उठाया छात्र डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा का मुद्दा

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे पुष्कर बिना किसी को बताए घर से निकल गए। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला तो परिवार ने काठगोदाम पुलिस से संपर्क किया। कोतवाल जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने पुष्कर की आवाजाही का पता लगाने के लिए घर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में वह आखिरी बार गुलाबघाटी से भद्यूनी जाने वाली सड़क के मोड़ पर दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने भद्यूनी रोड के दोनों ओर जंगलों में तलाश अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  मंदिर-आश्रम की जमीन पर धोखाधड़ी का आरोप -कोर्ट के आदेश पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज

शनिवार को सनकोट के जंगल में घास काटने पहुंची महिलाओं ने सड़क से करीब चार किलोमीटर अंदर एक पेड़ से लटका शव देखा। महिलाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त पुष्कर सिंह मेहरा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119