नितेश हत्याकांड: शव रखकर परिजनों का हंगामा -बुलडोजर चलने के बाद अंतिम संस्कार को हुए राजी

खबर शेयर करें 👉

–मुख्य आरोपी समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पांच मकानों पर ध्वस्तीकरण की थी मांग, हाईवे जाम करने की कोशिश से मचा हड़कंप

रुद्रपुर। जिला अस्पताल में युवा व्यापारी नितेश उर्फ राजकुमार जौहरी की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद शनिवार को शहर में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव जगतपुरा स्थित आवास पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने शव रखकर धरना शुरू कर दिया और मुख्य आरोपी समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। परिजनों ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक नितेश का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

धरने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। दोपहर तक धरना जारी रहने से इलाके में तनाव बना रहा।

शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नितेश उर्फ राज जौहरी का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में लोग भी आवास के बाहर जमा हो गए। मृतक के भाई ने पुलिस प्रशासन के सामने मांग रखी कि जब तक हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके मकानों पर बुलडोजर नहीं चलता, तब तक भाई का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  uttarakhand-आईपीओ और एफएंडओ ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 1.98 लाख की ठगी

परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने अभी तक केवल तीन आरोपियों विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार को गिरफ्तार किया है। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं। जबकि हत्या का मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उनके खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

धरने को समर्थन देने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। ठुकराल ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच धनतेरस से पहले कारोबारी प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद हुआ था। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि यदि पुलिस ने पहले मिली शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो शायद आज यह घटना नहीं होती। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और आरोपियों की पैरवी करने वालों की भूमिका की जांच की भी मांग की।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  उत्तराखंड : प्रसव के 24 घंटे बाद 22 वर्षीय विवाहिता की मौत -अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

धरने के दौरान मृतक के भाई ने पुलिस की कथित मुठभेड़ की कार्रवाई पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। परिवार की ओर से पहले ही विवाद की शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोपियों के सभी पांच मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग दोहराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक शिव अरोरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास करते हुए बताया कि पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया गया है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी बातचीत हुई है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को तलाश कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों के अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल संबंधित मकानों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  बेटियों की दौड़ प्रतियोगिता में दिखा उत्साह -श्रीपाल राणा ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन

हालांकि पुलिस और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद भी परिजन धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि कार्रवाई जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।

इसी बीच दोपहर में महापौर विकास शर्मा बुलडोजर और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में मुख्य आरोपी से जुड़े मकानों पर ध्वस्तीकरण के लिए नोटिस की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही तीन मकानों के छज्जे और टीनशेड को आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया। महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा ने परिजनों से वार्ता कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद वे नितेश के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119