uttarakhand-पेट्रोल छिड़ककर नई एक्सयूवी-700 को किया आग के हवाले -चार युवकों की करतूत CCTV में कैद
हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में अराजक तत्वों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सड़क किनारे खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। नई बस्ती में शनिवार देर रात बाइक सवार चार युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर एक नई एक्सयूवी-700 को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, काठगोदाम की नई बस्ती निवासी त्रिभुवन पंत पुत्र बसंत बल्लभ पंत एक बैंक में क्लर्क हैं। उन्होंने करीब चार माह पहले ही नई एक्सयूवी-700 खरीदी थी। घर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण वह अपनी कार घर से कुछ दूरी पर नैनीताल रोड से जुड़ने वाली गली में खड़ी करते थे। इस गली में आसपास के अन्य लोग भी अपने वाहन पार्क करते हैं।
शनिवार को भी त्रिभुवन ने रोजाना की तरह अपनी कार निर्धारित स्थान पर खड़ी की और घर चले गए। रात करीब 12 बजे बाइक सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पहले कार पर पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने वाहन स्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे त्रिभुवन ने लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। देखते ही देखते नई कार का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया।
गनीमत रही कि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।
सीसीटीवी में नजर आए संदिग्ध, पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद काठगोदाम पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। काठगोदाम कोतवाल जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग कार के आसपास दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKnews-बहादराबाद में पुलिस मुठभेड़, बदमाश ने झोंके फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली