उत्तराखंड : कुत्ते का शिकार करने पहुंचा गुलदार खुद ही बाथरूम में हुआ कैद
-बाथरूम में छह घंटे कैद रहा गुलदार, साथ बंद कुत्ते को खरोंच तक नहीं आई!
रुद्रप्रयाग। सुमाड़ी बाजार में देर रात एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में जा घुसा। अचानक दरवाजा बंद होने से गुलदार और कुत्ता दोनों करीब छह घंटे तक बाथरूम में कैद रहे। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान गुलदार ने कुत्ते को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। सुबह बाथरूम से गुर्राने की आवाज सुनकर परिवार को घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में एक लावारिस कुत्ता घुस गया था। उसका पीछा करते हुए गुलदार भी बाथरूम में पहुंच गया। इसी दौरान अचानक दरवाजा बंद हो गया और दोनों अंदर ही फंस गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे परिवार का एक सदस्य बाथरूम पहुंचा तो भीतर से गुर्राने की आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका के चलते उसने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुबह पांच बजे वन विभाग को सूचना दी गई।
मकान में गुलदार के घुसने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि घटनास्थल पर पिंजरा लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में गुलदार को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक तरीका अपनाया गया। रेस्क्यू टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुबह करीब 10 बजे उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान में सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत, वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी (उत्तरी जखोली), वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल तथा वन आरक्षी आशीष सिंह, यशवंत सिंह कठैत और रणवीर सिंह शामिल रहे।
वन विभाग ने लोगों से की सतर्कता बरतने की अपील
वन विभाग ने बाजारों और कस्बों में मांस की दुकानों से निकलने वाले अतिरिक्त मांस को आबादी से दूर जमीन में दबाने की अपील की है। साथ ही लोगों को घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई रखने की सलाह दी गई है। जंगल में घास और चारा लेने जाने वालों से समूह में जाने की अपील की गई है।
सहायक उप वन संरक्षक डॉ. दिवाकर पंत ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन्यजीवों की संख्या का वैज्ञानिक आकलन और क्षेत्र की वहन क्षमता के अनुरूप उनका प्रबंधन बेहद जरूरी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


uttarakhand-पेट्रोल छिड़ककर नई एक्सयूवी-700 को किया आग के हवाले -चार युवकों की करतूत CCTV में कैद
उत्तराखंड : आठ दिन से लापता किशोर का अस्पताल की मोर्चरी में मिला शव -दोस्त की स्कूटी और धमकी ने बढ़ाया मौत का रहस्य