उत्तराखंड : रिचार्ज कराइए, मुफ्त में पाइए एक लाख का बीमा कवर -BSNL का बड़ा दांव
हल्द्वानी। निजी टेलीकॉम कंपनियों को टक्कर देने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने ग्राहकों को लुभाने के लिए नया दांव चला है। अब सालाना रिचार्ज कराने पर ग्राहकों को न सिर्फ अतिरिक्त वैधता मिलेगी, बल्कि एक लाख रुपये तक का दुर्घटना मृत्यु बीमा और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड बीमा भी मिलेगा। खास बात यह है कि इसके लिए ग्राहकों को कोई अतिरिक्त प्रीमियम नहीं चुकाना होगा।

बीएसएनएल ने यह सुविधा द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के साथ साझेदारी में शुरू की है। कंपनी के 2449 रुपये वाले सालाना प्लान में 15 दिन की अतिरिक्त वैधता के साथ एक लाख रुपये का दुर्घटना मृत्यु बीमा और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड बीमा दिया जा रहा है। बीमा कवर प्लान की मूल वैधता यानी 365 दिनों तक रहेगा। हालांकि, बीमा का लाभ पॉलिसी में निर्धारित नियमों और शर्तों के अधीन होगा।
वहीं, बीएसएनएल के 2799 रुपये वाले सालाना प्लान में ग्राहकों को 30 दिन की अतिरिक्त वैधता का लाभ दिया जा रहा है। कंपनी का मानना है कि अतिरिक्त सुविधाओं के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करने के साथ ही निजी टेलीकॉम कंपनियों से मिल रही प्रतिस्पर्धा का मुकाबला किया जा सकेगा।
बीएसएनएल के डीजीएम श्रीराम गौड़ ने बताया कि कंपनी बेहतर दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधाएं देने पर जोर दे रही है। इसी प्रयास के तहत रिचार्ज प्लान के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा शुरू की गई है, ताकि ग्राहकों का भरोसा मजबूत किया जा सके।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKnews-बहादराबाद में पुलिस मुठभेड़, बदमाश ने झोंके फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली