उत्तराखंड : दो बेटे 30 घंटे तक बेहोश -होश आया तो अलमारी से साढ़े सात लाख नकद और सात लाख के जेवर गायब
हल्द्वानी। डहरिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में दो बेटे अलग-अलग कमरों में बेहोशी की हालत में मिले। परिवार दोनों की जिंदगी बचाने के लिए अस्पताल में जूझता रहा। करीब 30 घंटे बाद जब दोनों को होश आया और परिवार घर लौटा तो अलमारी से साढ़े सात लाख रुपये की नकदी और करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर गायब मिले। हैरानी की बात यह है कि अलमारी की चाबी अपनी जगह पर ही रखी थी। दो बेटों के बेहोश मिलने और इसी दौरान घर से लाखों की नकदी व जेवर गायब होने की घटना ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार डहरिया, रामपुर रोड निवासी रीता बोरा पत्नी स्व. योगेंद्र सिंह बोरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच सितंबर को उनके दोनों बेटे घर के अलग-अलग कमरों में बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को इस हालत में देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
करीब 30 घंटे बाद दोनों बेटों को होश आया। इसके बाद जब रीता बोरा घर पहुंचीं और सामान की जांच की तो अलमारी में रखी नकदी और सोने के आभूषण गायब मिले। महिला के मुताबिक अलमारी में करीब 7.50 लाख रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर भी अलमारी में रखे हुए थे। जांच करने पर दोनों गायब मिले।
मामले में सबसे ज्यादा हैरानी इस बात को लेकर है कि अलमारी की चाबी अपनी जगह पर ही मौजूद थी। ऐसे में बिना चाबी के अलमारी कैसे खोली गई और नकदी-जेवर कब गायब हुए, यह सवाल पुलिस जांच का प्रमुख हिस्सा बन गया है।
रीता बोरा ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते पुलिस को तहरीर देने में कुछ देरी हुई। बताया गया कि पति की मृत्यु के बाद वह अपने परिवार के साथ रह रही हैं और घर के निचले हिस्से में दवाइयों का कारोबार भी करती हैं।
एक ही समय में दोनों बेटों का अलग-अलग कमरों में बेहोश मिलना और इसके बाद घर की अलमारी से लाखों रुपये की नकदी व जेवर गायब मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों बेटों के बेहोश होने से लेकर अलमारी से नकदी और जेवर गायब होने तक की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क के नाम पर महिला से 1.40 लाख की साइबर ठगी