uttarakhand-कच्ची सड़क से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बोले—सड़क नहीं तो वोट नहीं
–घिंगारीखाल-बग्वालीपोखर सड़क को पक्का कराने की मांग तेज, बनोलीया समेत कई गांवों के लोगों ने एकजुट होकर आंदोलन की दी चेतावनी
रानीखेत/बग्वालीपोखर। घिंगारीखाल से बग्वालीपोखर तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से सड़क पक्की नहीं होने के कारण बनोलीया, नागोली, मुवान, गुढोली, चमना, पिनोली, कोटुली, दुगोरा समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क का सबसे ज्यादा खामियाजा बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ता है। सड़क की स्थिति खराब होने से रोजमर्रा के आवागमन के साथ ही आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
ग्रामीणों ने अब केवल आश्वासन के भरोसे बैठने के बजाय सड़क निर्माण की मांग को लेकर एकजुट होकर आंदोलन की रणनीति बनाने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार और संबंधित विभाग तक पहुंचाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन और व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।
ग्राम प्रधानों से भी एकजुटता की अपील
ग्रामीणों ने सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों के लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करने और सड़क निर्माण की मांग को लेकर एकजुट करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सभी गांव मिलकर आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक सड़क की समस्या का स्थायी समाधान मुश्किल है।
ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, सड़क चाहिए। आने वाले समय में सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
“सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा
सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क क्षेत्र के विकास की बुनियादी जरूरत है और इसे वर्षों तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

खमरिया के जंगल में आबकारी विभाग की छापेमारी –दो भट्टियां ध्वस्त, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद