गैरसैंण में धामी सरकार का अंतिम सत्र आज से -सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश
-दो दिवसीय सत्र में आठ विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में धामी सरकार का अंतिम सत्र मंगलवार से शुरू होगा। दो दिवसीय सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद भोजनावकाश के बाद सरकार सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित करने को प्राथमिकता दी है। इससे पहले फरवरी में भी बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित किया गया था, जिसने सबसे अधिक समय तक चलने वाले सत्र का रिकॉर्ड बनाया था। चुनावी वर्ष में सरकार ने अंतिम सत्र भी गैरसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस बार सत्र की अवधि केवल दो दिन निर्धारित की गई है।
विधानसभा सचिवालय ने सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सरकार और विपक्ष के विधायक भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए अपने संस्मरण साझा करेंगे।
विपक्ष ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति
पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होने के कारण सदन में हंगामे की संभावना अपेक्षाकृत कम मानी जा रही है। हालांकि, विपक्ष ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महंगाई और अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। इन मुद्दों को लेकर विपक्ष सदन के भीतर और बाहर सरकार पर हमलावर हो सकता है।
आठ विधेयक सदन में होंगे पेश
दो दिवसीय सत्र के दौरान सरकार की ओर से आठ विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इनमें समान नागरिक संहिता से संबंधित विधेयक, उत्तराखंड जनविश्वास अधिनियम संशोधन विधेयक और उत्तराखंड माल एवं सेवा कर अधिनियम से संबंधित विधेयक सहित अन्य विधायी प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों और बोर्डों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।
चुनावी वर्ष में आयोजित हो रहे इस अंतिम सत्र में सरकार की विधायी प्राथमिकताओं और विपक्ष के तेवरों पर सभी की नजरें रहेंगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


UK-वन्यजीव को बचाने के प्रयास में पलटा पिकअप -हादसे में ग्रामीण की मौत
UK-सजा पूरी होने के बावजूद जेलों में बंद कैदियों की रिहाई पर हाईकोर्ट सख्त -सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
UK-रामनगर के रिसॉर्ट में युवती से दुष्कर्म का आरोप -कंपनी के दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज