बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार जीप ने ली मासूम की जान -गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच पर लगाया जाम
देहरादून। दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक तेज रफ्तार जीप ने सात वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर में रफाकत घर के पास अंडे की ठेली लगाते हैं। उनकी सात वर्षीय बेटी तसमीया घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की काले रंग की तेज रफ्तार जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक जीप लेकर जस्सोवाला की ओर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची का शव दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को जल्द पकड़कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में बच्ची को टक्कर मारने वाली जीप दिखाई दे रही है, लेकिन वाहन पर नंबर प्लेट नहीं है। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि परिजन फिलहाल लिखित शिकायत देने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस जस्सोवाला, जमनीपुर और बरोटीवाला मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।
हादसे के बाद जब रफाकत ने अपनी बेटी को लहूलुहान हालत में देखा तो वह सदमे में आकर मौके पर ही बेहोश हो गए। मासूम की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
खुशहालपुर के प्रधान आजम, प्रतिनिधि शाहनवाज खान, अलादीन, शहजाद और नदीम सहित ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और रात के समय वाहनों की सख्त जांच की मांग की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…36 लाख के गबन में डाकपाल दोषी —अदालत ने सुनाई तीन साल की सजा
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा