हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला – तीन दिसंबर तक चलेगा मेला, देशभर के स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को मिलेगा उत्पादों की बिक्री व प्रदर्शन का मौका
हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से राष्ट्रीय स्तर के सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। व्यावसायिक स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
शुक्रवार को कोऑपरेटिव बैंक सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक समूह और व्यापारी जल्द से जल्द अपने स्टॉल का पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें अपने उत्पादों, हस्तशिल्प, कला और संस्कृति के प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
सीडीओ ने कहा कि सरस मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। इससे समूहों को नए बाजार तलाशने के साथ ही अपनी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।
बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मेला संचालन एवं नियंत्रण समिति पूरे आयोजन की निगरानी और नियमित निरीक्षण करेगी। कार्यकारी एवं अनुरक्षण समिति मेला स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा, स्टॉल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। आवास एवं परिवहन समिति स्वयं सहायता समूहों के आवागमन और ठहरने की व्यवस्था संभालेगी, जबकि खानपान समिति समूहों की महिलाओं के भोजन और टोकन व्यवस्था का जिम्मा उठाएगी।
पंजीकरण एवं आवंटन समिति स्थानीय और बाहरी व्यापारियों तथा स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल आवंटित करेगी। स्वागत समिति मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था करेगी। वहीं, लेखा समिति मेले के आय-व्यय का हिसाब रखेगी। मीडिया प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार समिति डिजिटल सहित अन्य माध्यमों से मेले का व्यापक प्रचार करेगी। मेले से पहले उच्च गुणवत्ता वाली प्रचार सामग्री तैयार कर प्रसारित करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा निरीक्षण एवं अनुसंधानात्मक समिति आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी और सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



बिग ब्रेकिंग : शादी से एक रात पहले दूल्हा लापता -कोतवाली में हंगामा, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक
उत्तराखंड : 22 वर्षीय युवक को बाघ ने बनाया निवाला -दो घंटे की तलाश के बाद जंगल में मिला शव