करोड़ों की ठगी का बड़ा खुलासा : जनता को अधिक ब्याज का लालच देकर 6.80 करोड़ हड़पे -दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल। जनपद में जनता को अधिक ब्याज और निवेश पर गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 4 फरवरी 2026 को लालकुआं क्षेत्र से दबोच लिया।
2017 में खोली थी संस्था, हजारों लोगों से कराई निवेश
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में हल्द्वानी के मुखानी स्थित कपिल कॉम्प्लेक्स और रामनगर में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था खोली थी। आरोपियों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर और अधिक ब्याज व निवेश की गारंटी का लालच देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जिलों के हजारों लोगों से निवेश कराया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि एकत्र की, जिसे संस्था के अध्यक्ष और सचिव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान संस्था की दोनों शाखाएं बंद मिलीं और खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ।
दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दी गई दबिश
मामले में कोतवाली रामनगर में 13 जून 2023 को एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दबिश दी। अंततः विशेष टीम ने दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत (45 वर्ष) पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल – संस्था का अध्यक्ष
विकास दुर्गापाल (41 वर्ष) पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, हल्द्वानी – संस्था का सचिव
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के खातों में क्रमशः 2 करोड़ 26 लाख रुपये और 4 करोड़ 58 लाख रुपये की धनराशि जमा हुई थी।
अन्य मामलों में भी दर्ज हैं मुकदमे
आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी धोखाधड़ी के तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना मुखानी में धारा 420 आईपीसी, BUDS Act और UPID Act के तहत मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल द्वारा 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
एसएसपी की अपील
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले संस्था की वैधानिकता और पंजीकरण की जांच अवश्य करें। अधिक लाभ के लालच में आकर निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…36 लाख के गबन में डाकपाल दोषी —अदालत ने सुनाई तीन साल की सजा
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा