लालकुआं में सर्वेयर इंजीनियर ने लगाई फांसी -मंगेतर पर धोखा देने का आरोप
हल्द्वानी। शहर के वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर में एयरटेल कंपनी में कार्यरत एक सर्वेयर इंजीनियर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया स्टेटस में अपनी मंगेतर पर धोखा देने का आरोप लगाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर में पिछले करीब एक वर्ष से अपने चचेरे भाई के साथ किराये के मकान में रह रहे विनय प्रजापति (33) पुत्र निवासी ग्राम बख्शी पुरवा नेवी, तहसील नारायनी, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) एयरटेल कंपनी में सर्वेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ रहने वाले चचेरे भाई रावेंद्र प्रजापति भी इसी कंपनी में सर्वेयर इंजीनियर हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे जब रावेंद्र घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों और मकान मालिक को बुलाया गया तथा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो विनय का शव कमरे के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। समाचार लिखे जाने तक फॉरेंसिक टीम के पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही थी।
मृतक के भाई रावेंद्र प्रजापति ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे विनय से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी और वह सामान्य रूप से खाना बनाने को लेकर बात कर रहा था। ऐसे में उसके इस कदम से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।
परिजनों के अनुसार विनय की शादी बांदा की एक युवती से तय हुई थी, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि युवती द्वारा संबंध तोड़ने से वह मानसिक रूप से काफी आहत था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले विनय ने व्हाट्सएप स्टेटस और सोशल मीडिया पर अपनी और मंगेतर की फोटो साझा कर उसे धोखा देने का आरोप लगाया था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है तथा आत्महत्या के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम