होटल बिजनेस में पार्टनर बनाने का झांसा देकर दो करोड़ की ठगी -एक ही परिवार के चार लोगों पर केस दर्ज
देहरादून। होटल बिजनेस में पार्टनर बनाने का झांसा देकर मसूरी निवासी व्यक्ति से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर राजपुर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
कोर्ट में दायर प्रार्थना पत्र में दीपक कुमार रावत निवासी पानीवाली बैंड, मसूरी ने बताया कि वर्ष 2014 में उनकी जान-पहचान गौरव किराड़ निवासी लेन दो, गंगोत्री विहार, कैनाल रोड से हुई थी। पैतृक जमीन बेचने के बाद गौरव ने रकम को इनकम टैक्स से बचाने और अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर मसूरी में होटल व होस्टल बिजनेस में पार्टनरशिप का प्रस्ताव दिया। भरोसा दिलाया गया कि मुनाफा आधा-आधा बांटा जाएगा।
आरोप है कि टैक्स चोरी का भय दिखाकर मुख्य आरोपी गौरव किराड़ ने पूरी रकम अपने खाते में न लेकर अपनी कंपनी केदार स्टेट एंड डेवलपर, पत्नी टीना किराड़, पिता सुरेश किराड़ और माता सुनीता किराड़ के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। मार्च 2022 से जुलाई 2025 के बीच पीड़ित ने कुल 2.02 करोड़ रुपये से अधिक इन खातों में जमा किए।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने होटल निर्माण की स्थिति जाननी चाही या जमीन दिखाने की मांग की तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। पैसे वापस मांगने पर आरोपी और उनके परिजनों ने गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की चेतावनी देकर घर से भगा दिया।
पीड़ित ने पहले राजपुर थाने और फिर एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि बैंक ट्रांजेक्शन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा