दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत से बवाल -कोतवाली गेट पर शव रखकर प्रदर्शन, विधायक ने दिए जांच के निर्देश
हरिमोहन राणा
नानकमत्ता। क्षेत्र में दबिश देने गई पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का शव कोतवाली गेट के बाहर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में घर पर दबिश देने पहुंची थी। इस दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच आरोपी की दादी को गहरा सदमा लगा, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इस मौत के लिए पुलिस की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे लापरवाही और उत्पीड़न का मामला बताया है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने महिला का शव कोतवाली गेट के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया।
इसी बीच नानकमत्ता के विधायक गोपाल सिंह राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, राष्ट्रपति ने की नियुक्ति
ग्राफिक एरा हल्द्वानी में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ पर अतिथि व्याख्यान -छात्रों को बताए सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के अवसर
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पहली बार आयोजित हुआ ‘नाट्यकम-2026 -मंच पर जीवंत हुई भारतीय ज्ञान परंपरा