ग्राफिक एरा भीमताल में बीएससी नर्सिंग फ्रेशर्स सेलिब्रेशन में दिखी प्रतिभा की रंगारंग झलक
भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग बैच 2026-2030 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स सेलिब्रेशन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक, गायन और मनोरंजक गतिविधियों से सजे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक विविधता की शानदार झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रार्थना नृत्य के साथ हुआ। इस अवसर पर भीमताल परिसर के निदेशक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नर्सिंग जैसे सेवा-प्रधान क्षेत्र में सहानुभूति, समर्पण, अनुशासन और संवेदनशीलता को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा से जुड़ा जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें ज्ञान के साथ मानवीय संवेदनाओं का होना भी आवश्यक है।

कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या ने विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन का भरपूर लाभ उठाने और शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ अपने व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक कौशल को विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने और नर्सिंग क्षेत्र की गरिमा के अनुरूप अपने आचरण को विकसित करने का संदेश दिया।
इसके बाद शुरू हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दक्षिण भारतीय नृत्य, बॉलीवुड नृत्य, पहाड़ी नृत्य, हरियाणवी एकल नृत्य, पंजाबी गिद्धा और फ्यूजन डांस ने कार्यक्रम में विविध रंग भर दिए। वहीं अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की विशेष नृत्य प्रस्तुति ने विभिन्न संस्कृतियों के सुंदर संगम को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण फ्रेशर्स का रैंप वॉक रहा। आत्मविश्वास से भरे विद्यार्थियों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मनोरंजक खेलों, गायन प्रस्तुतियों और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को बहुप्रतीक्षित फ्रेशर खिताबों का भी इंतजार रहा। निर्णायकों के निर्णय के बाद चिराज को मिस्टर फ्रेशर 2026 तथा सिमरनजीत कौर को मिस फ्रेशर 2026 चुना गया। वहीं अलीम खान को मिस्टर बेस्ट अटायर और चेतना राठौर को मिस बेस्ट अटायर के खिताब से नवाजा गया। विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न प्रस्तुतियों और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और वरिष्ठ छात्रों ने एक साथ शामिल होकर कार्यक्रम की खुशियां साझा कीं।
फ्रेशर्स सेलिब्रेशन बीएससी नर्सिंग बैच 2026-2030 के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की यादगार शुरुआत बन गया। आयोजन ने जहां नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दिया, वहीं उनके बीच दोस्ती, आपसी संवाद और आत्मविश्वास की नई नींव भी रखी। कार्यक्रम ने नर्सिंग के इस नए बैच के सेवा, समर्पण और व्यावसायिक उत्कृष्टता से भरे सफर की उत्साहपूर्ण शुरुआत का संदेश दिया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-नैनीताल से हल्द्वानी शिफ्ट होगा हाईकोर्ट -लामाचौड़ में 30 हेक्टेयर वन भूमि पर बनेगा नया परिसर
uttarakhand-फेसबुक पर दोस्ती, फिर गोल्ड निवेश का झांसा -हल्द्वानी की महिला से 8.86 लाख की ऑनलाइन ठगी