नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से दुग्ध संघ परिवार और सहकारी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना से प्रबंध कमेटी, अधिकारी एवं कर्मचारियों में गहरा दुःख व्याप्त है।

किशन सिंह बिष्ट नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य के रूप में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा वह धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान तथा एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। ग्रामीण विकास, दुग्ध व्यवसाय, पशुपालन और पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पर्वतीय क्षेत्र में कीवी उत्पादन को नई पहचान दिलाने के चलते किशन सिंह बिष्ट को ‘कीवीमैन’ के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने पहाड़ में कीवी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों और पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय एवं पशुपालन से जोड़ने के लिए भी कार्य किया। सामाजिक और सहकारी क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का निधन दुग्ध संघ और सहकारी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन के चलते संघ द्वारा आगामी तीन दिनों के लिए बैठक, बोनस वितरण समेत अन्य निर्धारित कार्यक्रम निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दिवंगत किशन सिंह बिष्ट के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119