गुजरात में भीषण सड़क हादसा : उत्तराखंड के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत -दो सैन्य जवानों की पत्नियों और मासूम बेटियों ने गंवाई जान
गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी तीन परिवारों के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास तेज रफ्तार टेलर और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों के परिवार उजड़ गए। घटना की खबर मिलते ही कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में गढ़वाल राइफल्स की सेकंड बटालियन में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी की पत्नी सविता नेगी और मासूम बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, नायक राजेश सिंह रावत की बेटी रक्षिता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और बेटी वामिका की भी जान चली गई। नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेना की सेकंड गढ़वाल राइफल्स में सेवारत थे। वर्तमान में उनकी बटालियन गुजरात के भुज में तैनात है। हादसे के दिन नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, सौरभ के परिवार में बेटी के जन्मदिन का अवसर था। इसी खुशी के मौके पर तीनों परिवार गुजरात घूमने गए थे। बताया गया कि सभी लोग रण क्षेत्र की सैर के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीनों परिवारों का कोटद्वार से गहरा नाता है। नायक सौरभ सिंह नेगी का परिवार लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता है, जबकि नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नायक नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में निवास करता है। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में मातम पसरा है।
गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और उन्हें कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक शवों के पहुंचने की संभावना है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी पहनना होगा हेलमेट -23 नवंबर से होगी कार्रवाई