ऊर्जा प्रदेश में अंधेरे का राज: गर्मी बढ़ते ही मोटाहल्दू में बिजली गुल, लोग बेहाल
-मेंटेनेंस और सब स्टेशन शिफ्टिंग के नाम पर सालभर कटौती, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था
मोटाहल्दू (नैनीताल)। ऊर्जा प्रदेश कहे जाने वाले उत्तराखंड में बिजली कटौती अब आम बात बनती जा रही है। गर्मी की शुरुआत होते ही विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी है। सालभर मेंटेनेंस और लाइन कार्यों के नाम पर कई-कई घंटों तक बिजली कटौती की जाती रही, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
मोटाहल्दू और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से विद्युत सब स्टेशन में शिफ्टिंग और अन्य कार्यों के नाम पर बार-बार बिजली काटी जाती रही। उस समय विभाग की ओर से यह भरोसा दिलाया गया था कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद लोगों को लो वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से राहत मिलेगी।
लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे से बिजली गुल हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। भीषण गर्मी के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी अधिकारियों को फोन किया जाता है तो हर बार एक ही जवाब मिलता है कि “कटौती चल रही है” या “देहरादून मुख्यालय से निर्देश हैं।” इससे साफ है कि विभाग के पास हर समस्या के लिए पहले से ही बहाने तैयार रहते हैं।
लोगों का आरोप है कि पूरे साल अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन देकर मेंटेनेंस कार्यों की जानकारी दी जाती है और कई घंटों तक बिजली बाधित रखी जाती है। इससे उम्मीद होती है कि गर्मियों में बिजली व्यवस्था बेहतर होगी, लेकिन हर साल की तरह इस बार भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को राहत दी जाए। अन्यथा जनता को लगातार हो रही परेशानी के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होना पड़ेगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम