फेसबुकिया प्यार का फर्जी दूल्हा ! मंडप में दुल्हन का हंगामा -बोली- “ये राहुल नहीं, कोई और है”
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद कस्बे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां दुल्हन ने भरे मंडप में शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप है कि जिस युवक से उसकी सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी और जिसने खुद को भोपाल में तैनात सेना का जवान बताते हुए अपना नाम राहुल बताया था, बारात में आया दूल्हा वह व्यक्ति नहीं था।
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता प्रिया बाजपेयी की शादी 13 मई को तय थी और 12 मई को बारात शाहाबाद पहुंची। शादी की रस्मों के दौरान प्रिया को दूल्हे पर शक हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम देवेंद्र सिंह परमार बताया। यह सुनते ही दुल्हन भड़क उठी और साफ कह दिया कि वह इस व्यक्ति से शादी नहीं करेगी।
प्रिया का कहना है कि सोशल मीडिया पर जिस युवक से उसकी बातचीत और प्रेम संबंध बने थे, उसकी शक्ल और पहचान इस दूल्हे से बिल्कुल अलग है। उसने आरोप लगाया कि उसे धोखे में रखकर किसी दूसरे युवक से शादी कराई जा रही थी।
दुल्हन के विरोध के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और वधु पक्ष के लोगों ने बारातियों की पिटाई कर दी, जिसमें दूल्हा घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण के अनुसार, दूल्हे देवेंद्र सिंह परमार समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायल दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रिया ने आशंका जताई है कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर मानव तस्करी जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल