हाईस्पीड बाइक, तमंचा और हिस्ट्रीशीटर… हल्द्वानी में चेन स्नैचर गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे खोला केस
हल्द्वानी। भोटियापड़ाव क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात का हल्द्वानी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 बाइक और अवैध तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी पर पहले से लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 8 मई को तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम निवासी नीता शाह से बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली थी। मामले में 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के निर्देशन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 19 मई को पुलिस ने आकाश कुमार गौतम निवासी सीबीगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गईं, जबकि अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आकाश कुमार गौतम सीबीगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बरेली और रुद्रपुर समेत विभिन्न थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार अपराधी गतिविधियों के चलते वह गुजरात पुलिस और रुद्रपुर पुलिस के साथ हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में घायल भी हो चुका है। पूरी कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त भूमिका रही।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम