किसान मेला देखने की खुशी मातम में बदली -अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटाहल्दू के भवान सिंह नवाड़ के युवक की मौत
लालकुआं। पंतनगर में चल रहे किसान मेले को देखने की खुशी लेकर बाइक से निकले मोटाहल्दू क्षेत्र के एक युवक की रविवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। लालकुआं वीआईपी गेट के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गया। पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटाहल्दू क्षेत्र के ग्राम भवान सिंह नवाड़ निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह पवार रविवार को बाइक से पंतनगर किसान मेला देखने जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह लालकुआं वीआईपी गेट से कुछ पहले रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कुछ ही क्षण बाद वह मौके पर अचेत हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि युवक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पिता की मौत के बाद परिवार की उम्मीद था आनंद
आनंद की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव और परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि आनंद के पिता प्रहलाद सिंह पवार का करीब दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उसके बड़े भाई और बहन का विवाह हो चुका है। आनंद वर्तमान में रोजगार की तलाश में था।
किसान मेले को देखने की खुशी लेकर घर से निकला आनंद हादसे का शिकार होकर वापस नहीं लौटा। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की खबर से पूरे मोटाहल्दू क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पुलिस से हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKNews-पत्नी के प्रेम प्रसंग का पता चला तो रची हत्या की साजिश -जंगल में पति का गला काटा, पत्नी-प्रेमी गिरफ्तार
uk-रामनगर में दर्दनाक रेल हादसा : ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर -23 वर्षीय सफाईकर्मी की टांग कटी