ग्राफिक एरा भीमताल में ‘नवरंग–शक्ति उत्सव 2026’ का शुभारंभ -कुमाऊंनी संस्कृति के रंगों से सजा परिसर
भीमताल, 15 अक्टूबर। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में गुरुवार को पांच दिवसीय ‘नवरंग–शक्ति उत्सव 2026’ का श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। 15 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में मां दुर्गा की आराधना के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, कुमाऊंनी संस्कृति और लोक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव का आयोजन विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर कुमाऊंनी कल्चर एंड हेरिटेज की ओर से किया जा रहा है।

उत्सव का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ हुआ। इस अवसर पर भीमताल परिसर के निदेशक ने पूजा-अर्चना कर ग्राफिक एरा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मां दुर्गा की आरती, भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कुमाऊंनी लोक कला और परंपराओं से सजा पूजा पंडाल
उत्सव के लिए विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा। इसे पारंपरिक पिछौड़ा, ऐपण कला, स्थानीय लोक आकृतियों, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, फूलों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया गया। इन पारंपरिक कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति के प्रति सम्मान और पीढ़ियों से चली आ रही लोक परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।
दुर्गा सप्तशती पाठ और सुंदरकांड का होगा आयोजन
पांच दिवसीय उत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला भी जारी रहेगी। मां दुर्गा की महिमा और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देने के लिए दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा। वहीं, 17 अक्टूबर को विशेष सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से भाग लेकर भक्ति, आस्था और समर्पण के भावों से जुड़ेंगे।
गरबा और नृत्य-नाटिका से सजेगा उत्सव
उत्सव के दौरान गणेश वंदना, गरबा और शक्ति के नौ रंगों एवं मां दुर्गा के दिव्य स्वरूपों को दर्शाने वाली आकर्षक नृत्य-नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवमी के अवसर पर कन्या पूजन भी किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और लोक परंपराओं से जोड़ना है। ‘नवरंग–शक्ति उत्सव 2026’ के माध्यम से शक्ति, आत्मविश्वास, धैर्य और करुणा जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



राजकीय पॉलिटेक्निक दन्या में निबंध प्रतियोगिता आयोजित -पवन सिंह काकी की टीम ने मारी बाजी
थान सिंह बिष्ट बने नैनीताल दुग्ध संघ के डायरेक्टर -समारोह में भव्य स्वागत
हल्द्वानी में फिर सक्रिय हुए केबल चोर -राजपुरा में ट्यूबवेल की मेन केबल काटी, तीन हजार की आबादी में पेयजल संकट
कलियर के गेस्ट हाउस में मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर आतिफ का शव -वीडियो कॉल से सामने आया मामला