धूल–धुआं और बदबू के बीच जीने को मजबूर मोतीनगरवासी, हिमालया स्टोन क्रशर बना ‘जहरीली हवा’ का अड्डा

खबर शेयर करें 👉

मोटाहल्दू (नैनीताल)। बरेली रोड स्थित मोतीनगर कॉलोनी के लोग इन दिनों गंभीर पर्यावरणीय संकट से जूझ रहे हैं। कॉलोनी के समीप संचालित हिमालया स्टोन क्रशर स्थानीय निवासियों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। क्रशर से उड़ने वाली महीन धूल, धुआं और फैलती बदबू ने लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल कर दिया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर क्रशर के संचालन से निकलने वाली धूल सीधे उनके घरों, आंगनों और छतों तक पहुंच रही है। हालात ऐसे हैं कि घरों के दरवाजे–खिड़कियां बंद रखने के बावजूद धूल अंदर घुस जाती है। पीने के पानी, खाने-पीने के सामान और कपड़ों तक पर धूल की परत जम जाती है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  पति को जिंदा जलाने के मामले में फरार प्रेमी-प्रेमिका की गिरफ्तारी के लिए नई पुलिस टीम गठित


स्वास्थ्य पर सीधा असर
मोतीनगर के निवासियों के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों में सांस संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। खांसी, दमा, आंखों में जलन, सिरदर्द और एलर्जी जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। कई लोग लगातार डॉक्टरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन समस्या की जड़ पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
हाईवे और कॉलोनी में गंदगी
क्रशर के कारण बरेली रोड हाईवे पर भी भारी मात्रा में धूल और गिट्टी फैल रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं, कॉलोनी के अंदर जलभराव और गंदगी की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है। बरसात में कीचड़ और गर्मी में उड़ती धूल लोगों की परेशानी को और बढ़ा देती है।
नियमों की खुलेआम अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि स्टोन क्रशर पर्यावरणीय नियमों और प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन नहीं कर रहा है। न तो पर्याप्त पानी का छिड़काव किया जाता है और न ही धूल रोकने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से केवल औपचारिक कार्रवाई ही होती रही है।
आंदोलन की चेतावनी
मोतीनगरवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही क्रशर पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांग की है कि क्रशर के संचालन की जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे तत्काल बंद किया जाए।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  हाईकोर्ट का अहम फैसला : सरकारी मंजूरी के बिना ड्यूटी के दौरान कार्रवाई करने वाले अधिकारियों पर नहीं चलेगा मुकदमा


स्थानीय जनता का साफ कहना है कि रोजगार के नाम पर उनकी जिंदगी को जहरीली हवा में नहीं झोंका जा सकता। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर मोतीनगरवासियों को राहत दिलाता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119