गौलापार स्टेडियम की बाढ़ सुरक्षा के 36.82 करोड़ के कार्यों का सांसद अजय भट्ट ने लिया जायजा
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने सोमवार को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (स्टेडियम) के बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम की सुरक्षा के लिए कराए गए कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली।
सांसद ने बताया कि एसडीएमएफ के तहत स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 36.82 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षात्मक कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा 14.55 करोड़ रुपये की प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा योजना पर भी कार्य किया जाना है। उन्होंने निर्धारित समय से पहले सुरक्षात्मक कार्य पूरे होने पर संतोष जताया।
उन्होंने प्रस्तावित 14.55 करोड़ रुपये की योजना के कार्यों को पूरा कराने के लिए वन विभाग से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, तराई पूर्वी एवं हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ, खेल विभाग की उपसचिव राशिका सिद्धिकी समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके बाद काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता इंजीनियर संजय शुक्ल समेत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आपदा से हुई क्षति और पुनर्निर्माण के लिए प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई।
सांसद ने नैनी झील की सुरक्षा, भीमताल डैम के पुनर्निर्माण और ऊधमसिंह नगर में बाजपुर से गुमसानी तक लेवड़ा नदी की बाढ़ से सुरक्षा के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नैनी झील की सुरक्षा के लिए 38 करोड़ रुपये और लेवड़ा नदी की बाढ़ सुरक्षा के लिए 18.84 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर भेजी गई है। वहीं, भीमताल डैम के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र की विशेषज्ञ टीम से परीक्षण कराया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में बालियानाले के कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कार्यों पर संतोष जताते हुए डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में कृष्णापुरी के आसपास हो रहे भूस्खलन की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यूएलएमएमसी द्वारा संबंधित भू-भाग का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है और इसकी रिपोर्ट सचिव आपदा को उपलब्ध कराई जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

सांसद चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम -सांसद अजय भट्ट ने बढ़ाया उत्साह
एबीवीपी से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरे हिमांशु -324 मत पाकर अध्यक्ष निर्वाचित
पंतनगर विश्वविद्यालय ने तीन संस्थानों से किए एमओयू -पारंपरिक ज्ञान और कृषि अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
निर्वाचन आयोग के फैसलों पर उठे सवाल -सुप्रीम कोर्ट अगले सप्ताह करेगा सुनवाई