रामनगर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार
–बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की कर रहे थे मांग, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश का पुलिस ने किया खुलासा
हल्द्वानी/रामनगर। रामनगर में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद पुत्र जबर साह ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र स्थित गैस गोदाम रोड निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवाद के बाद हत्या करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ और अब तक की विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति उवेश के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया। इसके बाद उसके आत्महत्या करने की बात प्रचारित की गई।
पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है।
पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें उवेश (22) पुत्र फजले अली, मृतका का पति; नसरीन (50) पत्नी फजले अली, मृतका की सास; अनस (23) पुत्र फजले अली, मृतका का जेठ; और शबा (20) पुत्री फजले अली, मृतका की ननद शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया 2,500 रुपये का पुरस्कार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी में इस हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UK-संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता लापता, तलाश में जुटी पुलिस
24 अक्टूबर को देहरादून में शिक्षकों का मुख्यमंत्री आवास कूच, नैनीताल जिले के स्कूलों में सामूहिक अवकाश का ऐलान
भारत-जापान सहयोग को बढ़ावा देगा वर्ल्ड कनेक्ट एजुकेशन -कागोशिमा के गवर्नर से हुई अहम मुलाकात