युवराज सिंह, सोनू सूद समेत कई हस्तियों की करोड़ों की संपत्ति जब्त
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रिकेट और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त (अटैच) कर ली हैं। कार्रवाई की जद में क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद और अभिनेत्री नेहा शर्मा सहित अन्य लोग शामिल हैं।
ईडी के अनुसार, इन हस्तियों पर अवैध सट्टेबाजी ऐप का प्रचार करने और विदेशी संस्थाओं से संदिग्ध लेन-देन करने का आरोप है। संपत्तियां जब्त करने से पहले एजेंसी ने सभी से कई दौर की पूछताछ की थी, जिसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत यह कदम उठाया गया।
ईडी की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले इसी मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की भी संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। एजेंसी ने शिखर धवन का दिल्ली स्थित 4.5 करोड़ रुपये का कमर्शियल प्लॉट और सुरेश रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड, कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की थी।
जांच एजेंसी का अनुमान है कि यह पूरा मामला करीब 1000 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले से जुड़ा हुआ है। हाल ही में अभिनेत्री नेहा शर्मा भी ईडी के समक्ष पेश हुई थीं, जहां उनसे विज्ञापनों के जरिए इस प्लेटफॉर्म से जुड़े रहने को लेकर पूछताछ की गई।
ईडी की रिपोर्ट के मुताबिक, कुराकाओ में पंजीकृत 1xBet भारत में बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। यह प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया और डिजिटल विज्ञापनों के माध्यम से भारतीय यूजर्स को निशाना बना रहा था। जांच में आरोप है कि संबंधित क्रिकेटरों और अभिनेताओं ने स्थिति की जानकारी होने के बावजूद विदेशी संस्थाओं से करार किया और अवैध सट्टेबाजी से अर्जित काली कमाई को छिपाने के लिए विदेशी चैनलों के जरिए भुगतान स्वीकार किए।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पूछताछ का दायरा भी व्यापक है। युवराज सिंह, उथप्पा और सोनू सूद के अलावा उर्वशी रौतेला, तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की जा चुकी है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में रियल मनी गेमिंग और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सख्त कानून लागू किए गए हैं। ऐसे में सेलेब्रिटीज द्वारा इन प्लेटफॉर्म्स का प्रचार करना अब उनके लिए गंभीर कानूनी संकट बनता जा रहा है। ईडी की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अवैध सट्टेबाजी के प्रचार में शामिल किसी भी हस्ती को बख्शा नहीं जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल