ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पीटीकुल कर्मचारियों ने सीखी एआई तकनीकें
-दो दिवसीय कार्यशाला में सरकारी कामकाज को सरल, तेज और प्रभावी बनाने पर दिया जोर
भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर में उत्तराखंड पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीटीकुल) के 25 कर्मचारियों के लिए 27 और 28 अक्टूबर को प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, एआई टूल्स एंड एप्लीकेशंस विषय पर दो दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज में दक्षता बढ़ाने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और तकनीक आधारित सुशासन को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि लालित मोहन बिष्ट, मुख्य अभियंता (अतिरिक्त प्रभार) एवं अधीक्षण अभियंता, पीटीकुल कुमाऊं जोन, हल्द्वानी की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर के निदेशक ने संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला की कुमाऊं क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सरकारी विभागों के साथ मिलकर कार्य करने और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग में दक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले भी विश्वविद्यालय की ओर से यूपीसीएल और उत्तराखंड सरकार के पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के लिए क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
तकनीकी सत्रों में एआई और जनरेटिव एआई की कार्यप्रणाली तथा सरकारी प्रशासन में उनके उपयोग की जानकारी दी गई। उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार कर नियमित कार्यालयी कार्यों को कम समय में अधिक कुशलता से पूरा किया जा सकता है।
प्रो. अंकुर बिष्ट ने सार्वजनिक सेवाओं की उपलब्धता, डेटा आधारित निर्णय लेने और सरकारी प्रशासन में एआई की उपयोगिता के साथ इसके क्रियान्वयन की चुनौतियों पर चर्चा की। प्रो. (डॉ.) नवीन तिवारी ने प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग की व्यावहारिक तकनीकों और सरकारी कार्यालयों में चैटजीपीटी के उपयोग की जानकारी दी। वहीं, गोविंद सिंह जेठी ने एआई की मदद से सरकारी पत्र, परिपत्र, नोटिस, बैठक के सारांश, परियोजना प्रस्ताव, निरीक्षण रिपोर्ट और नीतिगत नोट तैयार करने का प्रदर्शन किया।
कार्यशाला के दूसरे दिन सरकारी कार्यप्रणाली में विभिन्न एआई टूल्स के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। प्रो. मुकेश जोशी ने गूगल जेमिनी के माध्यम से दस्तावेज तैयार करने, डेटा विश्लेषण और प्रस्तुतियां बनाने की जानकारी दी। प्रो. जितेंद्र कुमार चौधरी ने माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट के जरिए दस्तावेजीकरण, रिपोर्ट तैयार करने और आधिकारिक संवाद को सरल बनाने के तरीके समझाए।
डॉ. हिमांशु पंत ने प्रस्तुतियां, परियोजना विवरण और बैठक के नोट्स तैयार करने में एआई की भूमिका का प्रदर्शन किया। उन्होंने एआई से तैयार सामग्री की सत्यता जांचने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। समापन तकनीकी सत्र में अनुभव बेवरवाल ने डेटा गोपनीयता, नैतिकता और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा और भ्रामक जानकारी से बचने को आवश्यक बताया।
समापन समारोह में कंप्यूटर एप्लीकेशंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार बुधानी ने पीटीकुल के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान कर्मचारियों को दैनिक कार्यों को सरल बनाने, समय बचाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा।
कार्यशाला के समन्वय में एसोसिएट प्रोफेसर एवं सहायक अधिष्ठाता (प्रशिक्षण एवं परियोजनाएं) डॉ. श्याम एस. कापड़ी के योगदान की सराहना की गई। सह-संयोजक प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार बुधानी और गोविंद सिंह जेठी के प्रयासों को भी सराहा गया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKnews-हृदय रोग से परेशान युवक की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत -परिवार में पसरा मातम
गर्भवती पत्रकार की याचिका पर राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस