नानकमत्ता में राजकुमार ठुकराल का जोरदार स्वागत -कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल
हरिमोहन सिंह राणा
नानकमत्ता। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद प्रथम बार नानकमत्ता आगमन पर क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए। गोपाल सिंह राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

नानकमत्ता पहुंचते ही राजकुमार ठुकराल ने सबसे पहले गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ गुरु का लंगर भी ग्रहण किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय में प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह और महासचिव सरदार अमरजीत सिंह ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
इसके पश्चात विधायक गोपाल सिंह राणा के कैंप कार्यालय में जनसभा और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राजकुमार ठुकराल ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में ठुकराल ने कहा कि उधम सिंह नगर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को विजय दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति बनाकर पूरी मेहनत और लगन के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नानकमत्ता विधानसभा सीट से गोपाल सिंह राणा को भारी मतों से विजयी बनाना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वहीं गोपाल सिंह राणा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में खनन माफिया सक्रिय हैं और भाजपा के कई नेता खनन कार्य में लिप्त हैं। शिकायत करने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जाती है।
राणा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक निधि के उपयोग में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनके अनुसार क्षेत्र में विकास भवनों का निर्माण, महाविद्यालयों की स्थापना, खेल मैदानों का विकास, सीसी सड़कों का निर्माण तथा गांव-गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कराया गया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य नानकमत्ता को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला।
इस दौरान किसान कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष जैल सिंह, नगर अध्यक्ष सतनाम सिंह (निक्कू), विधानसभा प्रभारी रमेश रौतेला, गौरव सिंह राणा, दीपक सिंह राणा, विवेक राणा, नरेंद्र सिंह, रामनरेश, सुरेंद्र सिंह करनाबल, प्रदीप बेदी, अमरीक सिंह, प्रकाश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…36 लाख के गबन में डाकपाल दोषी —अदालत ने सुनाई तीन साल की सजा
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा