हल्द्वानी में फिर सक्रिय हुए केबल चोर -राजपुरा में ट्यूबवेल की मेन केबल काटी, तीन हजार की आबादी में पेयजल संकट
हल्द्वानी। शहर में ट्यूबवेलों से केबल चोरी की घटनाएं एक बार फिर शुरू हो गई हैं। पिछले साल हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार रात चोरों ने राजपुरा स्थित सरकारी स्कूल के पास बने परिसर में लगे ट्यूबवेल की मेन केबल काटकर चोरी कर ली। चोर करीब पांच से छह मीटर केबल काटकर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
राजपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिनभर जलापूर्ति प्रभावित रही। केबल कटने से ट्यूबवेल ठप हो गया, जिसके चलते करीब तीन हजार की आबादी को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। ट्यूबवेल से जुड़े ओवरहेड टैंक में पानी नहीं भर सका। हालांकि, जल निगम के ट्यूबवेल से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की गई, लेकिन इससे लोगों की जरूरत पूरी करने में परेशानी बनी रही।
केबल बदलने के लिए निकालना पड़ेगा पाइप
चोरों ने ट्यूबवेल की केबल को इस तरह काटा है कि उसे बदलने के लिए पाइप निकालना पड़ेगा। इस कारण मरम्मत कार्य में अधिक समय लगने की आशंका है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को अगले दो दिन तक भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। जल संस्थान की ओर से इस मामले में पुलिस को शिकायती पत्र भेजने की तैयारी की जा रही है।
पहले भी छह ट्यूबवेलों से चोरी हुई थी केबल
जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी डहरिया, इंदिरानगर समेत शहर के छह ट्यूबवेलों से केबल काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उस दौरान इन वारदातों के पीछे नशेड़ियों के शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से विभागीय व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पांडे गार्डन में भी जलापूर्ति प्रभावित
इधर, मंगल पड़ाव के पांडे गार्डन क्षेत्र में भी जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत सामने आई। इस पर बृहस्पतिवार को जल संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और पेयजल लाइन को दुरुस्त कराने का काम शुरू किया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



थान सिंह बिष्ट बने नैनीताल दुग्ध संघ के डायरेक्टर -समारोह में भव्य स्वागत
कलियर के गेस्ट हाउस में मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर आतिफ का शव -वीडियो कॉल से सामने आया मामला
तिहरे हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला -फांसी की सजा रद्द, इलाज के बाद रिहाई के निर्देश