खाड़ी युद्ध के संकट के बीच राहत : हरिद्वार में 2.55 लाख राशन कार्डधारकों को तीन माह का मुफ्त राशन एडवांस
हरिद्वार। वैश्विक स्तर पर खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते संकट के बीच आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत हरिद्वार जिले के 2,55,148 राशन कार्डधारकों को तीन माह का राशन एडवांस में मुफ्त वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने शासनादेश जारी कर अप्रैल, मई और जून माह का राशन एकमुश्त उठान करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग जिले के 11,33,173 राशन उपभोक्ताओं को तीन माह का राशन एक साथ उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि एक बार राशन का उठान होने के बाद डीलर अप्रैल माह में ही उपभोक्ताओं को तीन माह का गेहूं और चावल वितरित कर देंगे। जिले की करीब 604 राशन की दुकानों के माध्यम से राशन वितरण किया जाएगा।
जिले में सफेद राशन कार्ड की संख्या 2,18,144 है, जिनमें 9,92,514 यूनिट दर्ज हैं। वहीं गुलाबी राशन कार्ड 37,004 हैं, जिनमें 1,40,659 यूनिट दर्ज हैं। इन दोनों श्रेणियों के कार्डधारकों को तीन माह का गेहूं और चावल मुफ्त दिया जाएगा।
वहीं पीले राशन कार्डधारकों को तीन माह का चावल 11 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। पीले राशन कार्ड पर प्रति माह 7.5 किलोग्राम चावल दिया जाता है और इस श्रेणी में गेहूं का वितरण नहीं होता। जिले में 1,70,878 पीले राशन कार्ड बने हुए हैं। इन सभी कार्डधारकों को भी तीन माह का राशन अग्रिम रूप से वितरित किया जाएगा।
एक माह में इतना मिलता है मुफ्त राशन
हरिद्वार। अंत्योदय योजना (गुलाबी कार्ड) के तहत एक महीने में 13.300 किलोग्राम गेहूं और 21.700 किलोग्राम चावल मुफ्त दिया जाता है। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (सफेद कार्ड) में प्रति यूनिट 1.900 किलोग्राम गेहूं और 3.100 किलोग्राम चावल मुफ्त वितरित किया जाता है।
“केंद्र सरकार ने राशन वितरण को लेकर शासनादेश जारी किया है। इसके तहत तीन माह का राशन एकमुश्त उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अप्रैल माह में ही उपभोक्ताओं को तीन महीने का राशन एक बार में वितरित किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।”
— मुकेश पाल, जिला पूर्ति अधिकारी 📰
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम