उत्तराखंड…खटीमा में दो युवकों के शव मिलने से सनसनी -सिर पर चोट से मौत की आशंका
खटीमा। खेतलसंडाखाम पुराने रेलवे फाटक के पास शनिवार देर शाम दो युवकों के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार को परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे राहगीरों ने पुराने रेलवे फाटक के पास दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। सभासद विश्वनाथ यादव ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बाजार चौकी प्रभारी जीवन सिंह चुफाल और उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों युवक अचेत अवस्था में मिले।
मौके पर पहुंचे रविंद्र सिंह पुत्र पदम सिंह ने एक युवक की पहचान अपने बड़े भाई राजेंद्र सिंह सामंत (51) पुत्र पदम सिंह सामंत के रूप में की। राजेंद्र बेस्ट व्यू होटल के सामने परचून की दुकान चलाते थे। दूसरे युवक की पहचान उसकी पत्नी सरस्वती देवी ने विनोद सिंह (48) पुत्र रोशन सिंह निवासी ग्राम नगला तहार, चौकी जलालपुर, थाना बिलारी, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में की।
दोनों युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
सीओ नीरज सेमवाल के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है। टीमों ने स्थानीय लोगों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही दोनों युवकों की मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।
पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सक डॉ. अकलीम अहमद ने बताया कि दोनों मृतकों के सिर पर लगी चोट के कारण रक्तस्राव होने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि सिर पर कोई खुली चोट नहीं मिली है। दोनों शवों का बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है।
राजेंद्र सिंह सामंत अपने पीछे पत्नी हेमा देवी और पुत्र लक्ष्य सिंह सामंत को छोड़ गए हैं। वहीं विनोद सिंह के परिवार में पत्नी सरस्वती देवी, पुत्र विवेक और पुत्री मान्शी हैं। विनोद की पत्नी के अनुसार वह वर्तमान में बिगराबाग गांव में किराये के मकान में रह रहे थे, जबकि उनका मूल निवास मुरादाबाद जिले के ग्राम नगला तहार में है।
पुलिस अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवकों की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित हुईं 14 महिलाएं -35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को भी मिला सम्मान