उत्तराखंड : नेपाल में खपाते थे चोरी की बाइकें : सितारगंज पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय गैंग -आठ वाहन बरामद
सितारगंज। सितारगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बरेली, बहेड़ी और ऊधमसिंह नगर के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई आठ बाइक बरामद की हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि पिछले दो महीनों से सितारगंज क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल क्षेत्र स्थित सूखी नदी पुलिया के पास कुछ संदिग्ध युवक मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने करन सिकदार निवासी पुलभट्टा और समर सिंह निवासी शक्तिफार्म को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से शक्तिफार्म चड़क मेले से चोरी की गई एक बुलेट बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने फरार साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर, बहेड़ी और बरेली क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद इन वाहनों को नेपाल में सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था। आरोपियों ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष में वे लगभग 25 चोरी की बाइक नेपाल भेज चुके हैं।
गिरोह चोरी की बुलेट बाइक 30 हजार रुपये, स्प्लेंडर 15 हजार रुपये, अपाचे 18 हजार रुपये और स्कूटी 20 हजार रुपये में बेचता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सात अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कुछ के संबंध में बरेली और बहेड़ी थानों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस टीम में एसएसआई राजेंद्र प्रसाद, चौकी प्रभारी जगदीश तिवारी, उपनिरीक्षक कैलाश देव, अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली और प्रेम सिंह शामिल रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल