हल्द्वानी में दो सगे भाइयों की संदिग्ध मौत, घर के अंदर व पीछे मिले शव
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह एक घर में दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक भाई का शव घर के अंदर जबकि दूसरे का शव घर के पीछे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बच्चीनगर, लामाचौड़ निवासी मनोज और सुनील, पुत्र पूरन चंद्र, अपनी मां के साथ रहते थे। इनके साथ मनोज की एक छोटी बेटी भी रहती थी। बताया जा रहा है कि मनोज की मां और बेटी मानसिक रूप से बीमार हैं। वहीं मनोज की पत्नी करीब चार वर्ष पूर्व अपने दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी।
मंगलवार सुबह दोनों भाई बेसुध अवस्था में पाए गए—एक घर के अंदर और दूसरा घर के पीछे। जब काफी देर तक दोनों नहीं उठे तो मां और बेटी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचने पर दोनों भाई मृत अवस्था में पाए गए। घर के अंदर दो सगे भाइयों की संदिग्ध मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों भाई शराब के आदी थे और सुबह से ही शराब का सेवन करते थे। पुलिस ने घर से कई खाली शराब की बोतलें भी बरामद की हैं।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चीनगर क्षेत्र में दो भाइयों के शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है तथा फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन कराया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल