बरेली रोड में गुलदार का बढ़ता आतंक : घरों की छत तक पहुंचा, अब फत्ताबंगर में दहशत—ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगी त्वरित कार्रवाई
मोटाहल्दू (नैनीताल)। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों के बीच अब तराई-भाबर क्षेत्र भी इसके आतंक से अछूता नहीं रहा है। बरेली रोड क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से गुलदार की लगातार आवाजाही ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थिति यह है कि लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। कुछ दिन पूर्व हाथीखाल के धौलाखेड़ा क्षेत्र में गुलदार के एक घर की छत तक पहुंचने की घटना सामने आई थी, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया था। इसके बाद अब पश्चिमी फत्ताबंगर क्षेत्र में भी गुलदार की लगातार दस्तक देखी जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार अक्सर रिहायशी इलाकों के आसपास घूमता नजर आ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। फत्ताबंगर निवासी देवेंद्र कुमार लोशाली ने बताया कि बीते कई दिनों से गुलदार उनके घर के आसपास मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि लोग घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ और स्थानीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट को भी सूचित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी से पहले ही गुलदार को पकड़कर सुरक्षित स्थान या रेस्क्यू सेंटर भेजा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की अपील की है, ताकि लोगों में फैला भय समाप्त हो सके और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…36 लाख के गबन में डाकपाल दोषी —अदालत ने सुनाई तीन साल की सजा
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा