उत्तर प्रदेश में दो बड़े सड़क हादसे -आठ लोगों की मौत, गंगा एक्सप्रेसवे पर थार के परखच्चे उड़े
हापुड़/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर और रेलिंग तोड़कर दूसरी दिशा में पहुंच गया और कार से जा टकराया। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई।
गंगा एक्सप्रेसवे पर पांच-छह बार पलटी थार
हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र में विगत मध्य रात्रि बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 17 वर्षीय किशोर का उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान बदायूं निवासी जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। अचानक वाहन डगमगाया और बेकाबू होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि थार करीब पांच से छह बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करा दी।
यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चार की मौत
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में रात यमुना एक्सप्रेसवे पर भी भीषण सड़क हादसा हुआ। नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक डिवाइडर और रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे की दूसरी दिशा में पहुंच गया और वहां जा रही एक कार से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
दोनों हादसों के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया। लगातार सामने आ रहे इन भीषण हादसों ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-देहरादून चरस की खेप लेकर पहुंचा तस्कर गिरफ्तार -511 ग्राम चरस बरामद