होली के दिन दो सड़क हादसे -सिक्योरिटी गार्ड सहित दो की मौत, बच्ची समेत दो गंभीर
रुद्रपुर। होली के दिन शहर में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में सिक्योरिटी गार्ड सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाबा चौक के पास फ्लावर क्षेत्र, काशीपुर रोड पर एक स्कूटी सवार युवक, एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि हादसा गदरपुर रोड फ्लाईओवर के समीप हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने मानवता का परिचय देते हुए तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची समेत दो अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर आदर्श कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आधार कार्ड के अनुसार मृतक का नाम सुनील है, जो ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी घटना मंगलवार देर रात किच्छा रोड पर हुई। यहां सड़क पार कर रहे 45 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान योगेन्द्र कुमार पुत्र छत्तरपाल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में किच्छा रोड स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी के दौरान सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आए वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल योगेन्द्र कुमार को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम