सांसद भट्ट ने की 2200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की समीक्षा -कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने गुरुवार को बच्चीनगर स्थित अपने आवास पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 से 60 तक एडीबी वित्त पोषित परियोजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। यह कार्य उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के माध्यम से कराए जा रहे हैं।


बैठक में सांसद भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हल्द्वानी शहर के समग्र विकास के लिए स्वीकृत लगभग 2200 करोड़ रुपये के बजट के तहत हो रहे कार्यों को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।


अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत कुल 740 किलोमीटर में से 419.48 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा 122 किलोमीटर में से 71.45 किलोमीटर सीवरेज लाइन बिछाई जा चुकी है। सड़क निर्माण के अंतर्गत 304 किलोमीटर में से 154.8 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण कर लिया गया है, जबकि 85.6 किलोमीटर में सबसर्फेसिंग (जीएसबी) का कार्य पूरा कर निर्माण जारी है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK-सिडकुल में दो अलग-अलग हादसे, दो कर्मचारियों की मौत -अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में जुटी पुलिस


परियोजना के तहत बनने वाले 14 ओवरहेड टैंकों में से 7 का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें तीन डबल स्टोरी ओवरहेड टैंक होंगे, जो शहर की सुंदरता को भी बढ़ाएंगे। इसके अलावा 13 नलकूपों में से 7 की बोरिंग पूरी कर ली गई है तथा 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का कार्य भी जारी है।


वर्षा जल प्रबंधन के तहत 1500 मीटर रकासिया नाले के आउटफॉल के लिए भूमिगत नाले का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से कई गांवों को राहत मिली है। वहीं 229.82 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधारीकरण और ड्रेनेज परियोजना का कार्य भी कार्यदायी संस्था को आवंटित कर दिया गया है। इसके तहत नैनीताल रोड में तीनपानी से नरीमन चौराहा और कालाढूंगी रोड में कालाढूंगी चौराहे से कटघरिया तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रगति पर है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK-कैंचीधाम में जाम से निपटने के लिए बनेगा नया ट्रैफिक प्लान -वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग पर जोर


इसके अलावा 336 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय ‘नमो भवन’ की टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि पनचक्की से लालडांट तक टंचलेस तकनीक से सीवरेज पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे सड़क खोदाई से बचा जा सके और लोगों को कम असुविधा हो। यही तकनीक पुरानी आईटीआई से आवला चौकी तक भी अपनाई जा रही है।


बैठक में बताया गया कि इन विकास कार्यों को 1 मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत नैनीताल और कालाढूंगी रोड का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, विद्युत और संचार लाइनों के लिए केबल डक्ट, वर्षा जल प्रबंधन, सतही पार्किंग, नए विद्युत खंभों व स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, मुख्य चौराहों का आधुनिकीकरण, हाईमास्ट लाइटिंग और बस स्टॉप का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों और संस्थानों के सामने टेबल टॉप क्रॉसिंग भी बनाई जाएगी।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  रफ्तार का कहर! NH-74 पर बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर -मां की मौत, तीन साल की बेटी और एक माह की मासूम घायल


सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से हल्द्वानी को आधुनिक, सुरक्षित और सुसज्जित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को देखते हुए फिलहाल नई खुदाई न की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी कार्य पूरे होने के बाद ही आगे की खुदाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119