चंपावत में दो दर्दनाक हादसे : युवती की संदिग्ध मौत -खाई में गिरने से महिला ने गंवाई जान
चंपावत। जिले में 18 नवंबर को हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पाटी के खुटेली गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पंचाई गांव में घास काटने गई 48 वर्षीय महिला की खाई में गिरने से जान चली गई। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक की लहर है।
कमरे में मृत मिली युवती, मौके से सुसाइड नोट बरामद
पाटी थाना क्षेत्र के खुटेली गांव निवासी रंजना उर्फ रेनू (20) की मौत की सूचना मंगलवार शाम करीब सात बजे पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस टीम करीब 35 किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंची। वहां युवती अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर युवती का अपने ताऊ जगदीश से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर आए दिन दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होती थी। युवती के पिता राजेंद्र सिंह महरा गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि उसका भाई भी बाहर रहता है। रंजना अपनी मां और बहन के साथ गांव में रहती थी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घास काटने गई महिला की खाई में गिरकर मौत
दूसरी घटना चंपावत से करीब 37 किलोमीटर दूर पंचाई गांव की है। यहां केदार सिंह गौड़ की पत्नी रेखी देवी (48) एक अन्य महिला के साथ घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को खाई से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद 19 नवंबर को स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही दिन हुई इन दो घटनाओं ने पहाड़ के दो परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया। एक परिवार ने अपनी 20 वर्षीय बेटी को खो दिया, तो दूसरे परिवार से घर की जिम्मेदारियां संभालने वाली महिला हमेशा के लिए बिछुड़ गई। दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



दुकान के लिए निकला व्यापारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता -घर पर छोड़ गया चाबियां
चुनाव से पहले गांवों में सक्रिय हुए विधायक गोपाल सिंह राणा -दरियां बांटकर बना रहे जनसंपर्क