UK…देर रात गलत दिशा से आ रहे ट्रक की टक्कर से गोरापड़ाव में बड़ा हादसा -बाइक में लगी भीषण आग, लालकुआं के दो युवक गंभीर घायल
हल्द्वानी। लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवक शुक्रवार देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी।
हादसे में घायल दोनों युवकों की पहचान लालकुआं निवासी अयान और सिद्धार्थ के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का गलत दिशा में चलना माना जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में पुलिस का सहयोग किया।
तीनपानी से गलत दिशा में दौड़ रहे वाहन बन रहे जानलेवा
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनपानी से गोरापड़ाव तक बड़ी संख्या में ट्रक, कार और दोपहिया वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाकर शॉर्टकट अपनाते हैं, जिससे इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद इस समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकी है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तीनपानी और गोरापड़ाव क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़े और जानलेवा हादसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UK…मोतीनगर से मेहनत की कमाई पर चोरों का डाका -रातोंरात मजदूर की बाइक उड़ा ले गए चोर
बहुभाषी एआई से बदलेगा सरकारी कामकाज का तरीका -अपनी भाषा में मिलेंगी सेवाएं
किसान सेवा सहकारी समिति मोटाहल्दू का वार्षिक अधिवेशन संपन्न -24.92 करोड़ का बजट पारित