UK…पाक्सो आरोपी व्यापार मंडल अध्यक्ष आधी रात घर से हिरासत में —फेसबुक लाइव पर मचा हंगामा, आत्मदाह की धमकी
भवाली। पाक्सो समेत कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने उनके घर से हिरासत में ले लिया। नाबालिग छात्रा से शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों में दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने औपचारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की थी।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली छात्रा की शिकायत पर मल्लीताल कोतवाली में नरेश पांडे के खिलाफ पाक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस बीच कुछ अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को कथित तौर पर साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। मामले में निचली अदालत के बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट से भी अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से पांडे पुलिस की पहुंच से बाहर बताया जा रहा था।
मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नरेश पांडे अपने घर पर मौजूद हैं। इसके बाद तीन से चार वाहनों में पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के पहुंचते ही नरेश पांडे फेसबुक पर लाइव आ गए और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाने लगे। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
फेसबुक लाइव के दौरान नरेश पांडे ने दावा किया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची, परिजनों के साथ मारपीट की और उनकी नाबालिग बेटी के साथ धक्का-मुक्की व अभद्रता की। उन्होंने परिवार के मोबाइल फोन जब्त करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने का भी आरोप लगाया। लाइव के दौरान उन्होंने एक बोतल दिखाते हुए जहर पीने का दावा भी किया और आत्मदाह की धमकी दी। हालांकि उनके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं पुलिस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आरोपी कार्रवाई से बचने के लिए भ्रामक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गंभीर आरोप सामने आने के बाद नरेश पांडे ने अपनी सुरक्षा के लिए चार से पांच निजी बॉडीगार्ड रखे थे। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की थी और उनके शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए जाने की संस्तुति भी की गई थी। मामले की जांच जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…ड्यूटी पर जाते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुआ अग्निवीर –हिमाचल-दिल्ली में मिली आखिरी लोकेशन