UK-महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप -यूट्यूबर बिरजू मयाल गिरफ्तार
–वन विभाग के सरकारी आवास में घुसकर महिला से अभद्रता, मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप -पीड़िता छह माह की गर्भवती, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में किया पेश
रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर में एक महिला के साथ छेड़छाड़, अभद्रता और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पुलिस ने यूट्यूबर बिरजू मयाल को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस को दी गई तहरीर में रामनगर निवासी महिला ने बताया कि उनके पति वन विभाग में कार्यरत हैं और घटना के दिन ड्यूटी पर गए हुए थे। महिला के अनुसार, वह छह माह की गर्भवती हैं और गुरुवार सुबह अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ वन विभाग के सरकारी आवास में मौजूद थीं।
आरोप है कि इसी दौरान यूट्यूबर बिरजू मयाल जबरन उनके आवास में घुस आया और उनकी एक वर्षीय बेटी को गोद में उठा लिया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्रता करने लगा। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उनके साथ जबरदस्ती की, हाथापाई करते हुए कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला के मुताबिक, शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने आरोपी से अपनी और परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोतवाली रामनगर पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर बिरजू मयाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : सड़क हादसे में वन बीट अधिकारी की मौत, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया